Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उलीडीह थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में 20 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर में अकेली थी युवती
मृतका की पहचान हिमांशी कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेली थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ। जब अंदर जाकर देखा गया तो वह फंदे से लटकी मिली।
यह भी पढ़ें: पलामू में खनन विभाग पर सवाल: बिना बालू वाले इलाकों को बना दिया घाट, 7 स्थलों की सूची पर विवाद
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को नीचे उतारकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, हिमांशी कौर हाल ही में अपने भाई के साथ पंजाब से जमशेदपुर आई थी। माता-पिता के निधन के बाद दोनों भाई-बहन रिश्तेदारों के साथ रह रहे थे और मानगो क्षेत्र में अपनी चचेरी बहन के यहां ठहरे हुए थे।
कारणों का नहीं हुआ खुलासा
फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर मानसिक तनाव, पारिवारिक परिस्थितियां या अन्य व्यक्तिगत कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, परिजनों से लिखित शिकायत का इंतजार किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।]
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।