Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :झारखंड के पलामू जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से एक मिस्त्री की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। घटना नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव की है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय नागेंद्र पासवान के रूप में हुई है। शुक्रवार शाम तेज आंधी और बारिश के कारण 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में खराबी आ गई थी, जिससे तुकबेरा-पाटन इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए नागेंद्र पासवान को पाटन मोड़ के पास मरम्मत कार्य के लिए भेजा गया। रात करीब 8 बजे वह बिजली के खंभे पर चढ़कर काम कर रहे थे।
यह भी पढ़ें :25 मार्च को होगी सूचना आयुक्त चयन समिति की बैठक, लंबित नियुक्तियों पर होगा फैसला
शटडाउन के बावजूद दौड़ा करंट
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मरम्मत शुरू करने से पहले ग्रिड से शटडाउन लिया गया था। बावजूद इसके, काम के दौरान अचानक तार में करंट प्रवाहित हो गया। आशंका जताई जा रही है कि आकाशीय बिजली गिरने के कारण लाइन में करंट आ गया। करंट लगते ही नागेंद्र पासवान खंभे से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। शनिवार को बिजली विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मुआवजे का आश्वासन, उठे सुरक्षा पर सवाल
ग्रामीण एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि आंधी-पानी के कारण आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि विभागीय नियमों के तहत मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा। इस घटना के बाद बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्य प्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
Reporter | Samachar Post