- धनबाद में नई पहल, अब एक ही जगह दर्ज होंगी जन समस्याएं, विभागों के साथ समन्वय से होगा जल्द निपटारा
Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सांसद ढुल्लू महतो ने एक अहम पहल की शुरुआत की है। उन्होंने शहर में एक हेल्प डेस्क (सहायता कक्ष) का उद्घाटन किया, जहां अब लोग सीधे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और उनके शीघ्र निपटारे की व्यवस्था की गई है।
एक ही मंच पर सभी समस्याओं की सुनवाई
इस हेल्प डेस्क के जरिए नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि वे अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याएं एक ही जगह दर्ज करा सकेंगे।
यह भी पढ़ें: रांची में बनेगा ‘स्टेट ऑफ आर्ट पार्क’: शिबू सोरेन की स्मृति में धुर्वा डैम के पास लगेगी विशाल प्रतिमा
हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा
हेल्प डेस्क में दर्ज होने वाली शिकायतों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई की जाएगी। पहल का मकसद है कि लोगों को समय पर सहायता और सही मार्गदर्शन मिल सके, ताकि समस्याओं का जल्द समाधान हो।
सांसद का बयान
इस मौके पर सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है।
पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में कदम
सांसद ने बताया कि यह पहल प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाएगी। साथ ही “सबका साथ, सबका विकास” के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
लोगों ने सराहा कदम
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि इससे प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम होगी और शिकायतों का समाधान तेज़ी से हो सकेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।