Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड विधानसभा के वर्तमान सत्र के अंतिम दिन बुधवार को सदन में जनहित से जुड़े अहम मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिली। विपक्षी विधायकों ने जल संरक्षण, कृषि भंडारण और बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा, जबकि मंत्रियों ने जवाब देकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की।
जगराहा डैम पर उठे सवाल
विधायक सरयू राय ने लातेहार के चंदवा स्थित जगराहा डैम के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने इसे दुर्लभ प्राकृतिक जल स्रोत बताते हुए इसके संरक्षण की मांग की। इस पर मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि वर्तमान नियमों के अनुसार 5 एकड़ से बड़े सरकारी तालाबों का ही सौंदर्यीकरण किया जाता है, जबकि जगराहा डैम निजी श्रेणी में आता है। हालांकि, उन्होंने बताया कि नया प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसमें 2.5 एकड़ से बड़े सरकारी या गैर-सरकारी जलाशयों को भी शामिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : लोकायुक्त समेत आयोगों में नियुक्ति पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार को लगाई फटकार
किसानों और कोल्ड स्टोरेज पर बहस
विधायक जयराम महतो ने राज्य में कोल्ड स्टोरेज की कमी और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि भंडारण के अभाव में किसानों को फसल कम कीमत पर बेचनी पड़ती है। इस पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक कोल्ड स्टोरेज बनाने की योजना है। जयराम महतो ने सुझाव दिया कि कोल्ड स्टोरेज में रखे अनाज के आधार पर किसानों को ऋण दिया जाए, लेकिन मंत्री ने स्पष्ट किया कि इसके लिए वेयरहाउस रसीद विकास प्राधिकरण का प्रमाणन जरूरी है, जो फिलहाल राज्य में उपलब्ध नहीं है।
बिजली विभाग पर भी घेराव
बिजली विभाग में रिक्त पदों और उपभोक्ताओं को मिलने वाले गलत बिलों का मुद्दा भी सदन में उठा। जयराम महतो ने इस पर सरकार को घेरा। ऊर्जा मंत्री योगेंद्र महतो ने जवाब में कहा कि नई नियमावली तैयार है और कैबिनेट की मंजूरी के बाद जल्द ही बहाली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
स्मार्ट मीटर से पारदर्शिता का दावा
मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे बिजली बिलिंग में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने कहा कि अगर उपभोक्ता गलत बिल के प्रमाण देंगे तो सुधार के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उपभोक्ताओं से समय पर बिल भुगतान की अपील भी की गई।
जनहित के मुद्दों पर जारी रही बहस
सदन में हुई इस बहस ने साफ कर दिया कि जल संरक्षण, किसानों की आर्थिक स्थिति और बिजली व्यवस्था जैसे मुद्दे राज्य की प्राथमिकता में हैं। विपक्ष के सवालों और सरकार के जवाबों के बीच इन मुद्दों पर ठोस समाधान की जरूरत महसूस की गई।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।