लोहरदगा में 433 किलो गांजा के साथ ट्रक जब्त, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Rupa Kumari | March 12, 2026 | 05:09 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के लोहरदगा जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक बारह चक्का ट्रक से 433 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी से जुड़े हुए हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक को गुरुवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक जिले की सीमा में प्रवेश कर चुका है और उसमें भारी मात्रा में अवैध गांजा लोड है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (किस्को) वेदांत शंकर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कचहरी मोड़ रेलवे ओवरब्रिज के पास बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें: धनबाद पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, कई थाना प्रभारी बदले

ट्रक की तलाशी में मिला गांजा

जांच के दौरान JH12H 9099 नंबर का बारह चक्का ट्रक वहां पहुंचा। पुलिस ने ट्रक को रोककर उसमें सवार दो लोगों को नीचे उतारा और उनकी मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में बने गुप्त बॉक्स से कई पैकेट बरामद हुए। जब सभी पैकेटों की गिनती की गई तो कुल 154 पैकेट गांजा मिला। बाद में वजन करने पर इसकी कुल मात्रा 433 किलोग्राम पाई गई।

दो तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शमशेर अली (48 वर्ष), निवासी सारण, बिहार इकराम खान (55 वर्ष), निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

ये सामान किया गया जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 154 पैकेट में 433 किलो गांजा, JH12H 9099 नंबर का ट्रक, दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 52/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(C), 22(c) और 29 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

इस कार्रवाई में एसडीपीओ वेदांत शंकर, थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, सब इंस्पेक्टर रवि रंजन कुमार, पप्पू कुमार, सहायक सब इंस्पेक्टर अमरनाथ पांडेय सहित तकनीकी शाखा और लोहरदगा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share this news

संबंधित खबरें