- सतबरवा प्रखंड के बोहिता गांव में शादी के भोज के बाद बिगड़ी तबीयत, 10 की हालत गंभीर; स्कूल को बनाया गया अस्थायी इलाज केंद्र
Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू जिले में फूड प्वाइजनिंग की बड़ी घटना सामने आई है। जिले के सतबरवा प्रखंड के बोहिता गांव के पोखर पार टोला में शादी के भोज में शामिल होने के बाद 100 से ज्यादा ग्रामीण बीमार पड़ गए। बीमार लोगों में करीब 10 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को इलाज के लिए मेदिनीनगर और लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
स्कूल में बनाया गया अस्थायी इलाज केंद्र
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच गई। मरीजों की संख्या ज्यादा होने के कारण उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पोखर पार टोला को अस्थायी इलाज केंद्र बना दिया गया। यहां स्वास्थ्यकर्मी लगातार मरीजों का इलाज कर रहे हैं। कई ग्रामीणों को स्कूल के बरामदे में ही जमीन पर लिटाकर दवाइयां दी गईं। गांव में अचानक इतने लोगों के बीमार पड़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें :रांची में 67 लाख की चोरी का खुलासा, घर का ताला बदलकर फरार हुए थे चोर; तीन गिरफ्तार
पूरी-सब्जी और बुंदिया खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
ग्रामीणों के मुताबिक, पोखर पार टोला निवासी हरिशंकर चंद्रवंशी के घर उनके बेटे की शादी थी। बुधवार को बारात के दिन गांव के लोगों को भोज कराया गया था। भोज में पूरी, सब्जी और बुंदिया परोसी गई थी। बताया जा रहा है कि बारात जाने के बाद धीरे-धीरे कई लोगों की तबीयत खराब होने लगी। रात होते-होते लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई। रात बीतने के साथ बीमार लोगों की संख्या लगातार बढ़ती गई। गुरुवार सुबह तक 100 से ज्यादा ग्रामीण बीमार हो चुके थे। इसके बाद गांव के लोगों ने तुरंत जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और इलाज शुरू किया। जिन मरीजों की हालत गंभीर थी, उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
जनप्रतिनिधि और प्रशासन मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही कई जनप्रतिनिधि भी गांव पहुंच गए। राज्य स्तरीय दिशा कमेटी के सदस्य अवधेश सिंह चेरो ने बताया कि अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से गांव में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार मौके पर मौजूद है और हालात को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।
राहत और इलाज में जुटे स्थानीय लोग
घटना के बाद राहत और इलाज के काम में कई स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि जुटे हुए हैं। मौके पर प्रखंड प्रमुख रीमा देवी के पति युगल किशोर राम, उप प्रमुख कामाख्या नारायण यादव, विधायक प्रतिनिधि अजय उरांव, आशीष सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि मनोज गुप्ता, विजय पाठक और धीरज कुमार सहित कई लोग सहयोग कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post