Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झारखंड के धनबाद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ फूड सेफ्टी विभाग ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। स्टेशन रोड इलाके में की गई छापेमारी के दौरान करीब 1400 किलो नकली पनीर और 5–7 टिन नकली नेपाली घी बरामद किया गया। इस कार्रवाई में मुख्य तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
पटना से बस के जरिए लाई जा रही थी खेप
फूड सेफ्टी अधिकारी राजा कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के पटना से बस के जरिए नकली पनीर और घी की बड़ी खेप धनबाद लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने तड़के स्टेशन रोड इलाके में घेराबंदी की। जांच के दौरान बस से भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर और घी बरामद किया गया।
यह भी पढ़ें: धनबाद-भुवनेश्वर ट्रेन से हटेगा स्पेशल टैग, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत; किराया होगा कम
प्रारंभिक जांच में नकली होने की आशंका
बरामद पनीर और घी की मौके पर ही प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें इनके नकली होने की आशंका जताई गई। इसके बाद पूरे सामान को जब्त कर लिया गया। सभी नमूनों को आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होटल-ढाबों में सप्लाई की थी तैयारी
अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि नकली पनीर और घी को शहर के विभिन्न होटलों, ढाबों और दुकानों में खपाने की योजना थी। यदि यह सामग्री बाजार में पहुंच जाती तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा हो सकता था। त्योहार और शादी के सीजन को देखते हुए विभाग मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष निगरानी रख रहा है।
उपायुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर की गई। उन्होंने अधिकारियों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।