Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले मंगलवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल पर मनरेगा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान की मांग की।
6 से 12 महीने से नहीं मिला मानदेय
संघ के धनबाद जिला अध्यक्ष यासीन अंसारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की संवेदनहीनता के कारण राज्य के मनरेगा कर्मचारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उनका आरोप है कि झारखंड में कई मनरेगा कर्मियों को पिछले 6 से 12 महीनों से मानदेय नहीं मिला, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक समस्याएं खड़ी हो गई हैं।
यह भी पढ़ें: चाईबासा में कांग्रेस का मेगा प्रशिक्षण कैंप, नेताओं को दिशा देने आएंगे राहुल गांधी
19 वर्षों से सेवा के बावजूद नहीं हुआ स्थायीकरण
यासीन अंसारी ने बताया कि कई कर्मचारी करीब 19 वर्षों से मनरेगा योजना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी सेवा को अब तक स्थायी नहीं किया गया है। कर्मचारियों की मांग है कि उनकी सेवाओं का स्थायीकरण किया जाए और मनरेगा कोषांग के अनुरूप ग्रेड पे लागू किया जाए।
सरकार को दी चेतावनी
मनरेगा कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि राज्य सरकार जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करती है, तो आने वाले दिनों में कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार से बकाया मानदेय का जल्द भुगतान, सेवा स्थायीकरण और वेतन संरचना में सुधार की मांग उठाई।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।