Samachar Post रिपोर्टर,पश्चिमी सिंहभूम :पश्चिमी सिंहभूम जिले में बच्चा चोरी की अफवाह के चलते एक बुजुर्ग महिला को ग्रामीणों ने बेरहमी से पीट दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मामला चक्रधरपुर प्रखंड के रामडा गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, रामडा गांव में एक अज्ञात बुजुर्ग महिला के पहुंचने पर कुछ लोगों को उस पर बच्चा चोरी करने का शक हुआ। देखते ही देखते गांव में अफवाह फैल गई और भीड़ ने महिला को पकड़कर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर में सूजन आ गई है और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं।
यह भी पढ़ें :गुमला सदर अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप
पुलिस ने महिला को बचाया, अस्पताल में कराया इलाज
घटना की सूचना मिलने के बाद अवधेश कुमार की टीम मौके पर पहुंची। अवधेश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रामडा गांव पहुंचकर घायल महिला को सुरक्षित पीसीआर वैन से थाना ले जाया। इससे पहले महिला का इलाज चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में कराया गया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण वह पुलिस को अपने बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी।
पुलिस ने ग्रामीणों को दी सख्त चेतावनी
पुलिस ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि किसी भी अफवाह के आधार पर कानून को अपने हाथ में न लें। अधिकारियों ने कहा है कि इस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post