Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : झारखंड में अदालतों और सरकारी दफ्तरों को मिल रही धमकियों के बीच अब बोकारो के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, धमकी भरा ईमेल बोकारो न्याय सदन समेत पूरे कोर्ट कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाते हुए भेजा गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा।
मौके पर पहुंचे एसपी
घटना की जानकारी मिलते ही हरविंदर सिंह खुद मौके पर पहुंचे। उनके साथ कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। एसपी ने पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जांच अभियान शुरू कराया।
यह भी पढ़ें: इटखोरी की CO का वीडियो वायरल, बाबूलाल मरांडी ने विधानसभा में उठाया मामला
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की जांच
बम की आशंका को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच शुरू कर दी। परिसर में खड़ी गाड़ियों की भी सघन जांच की जा रही है। इसके लिए हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस की टीम कोर्ट भवन, पार्किंग एरिया, कार्यालयों और आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर आवाजाही पर रोक
सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल कोर्ट परिसर में आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। इस बीच जिला बार एसोसिएशन के वकीलों से अपील की गई है कि वे जांच पूरी होने तक परिसर के अंदर ही रहें और बाहर न निकलें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई पूरी तरह एहतियात के तौर पर की जा रही है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले भी झारखंड में रांची सिविल कोर्ट, डीसी ऑफिस और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।