ध्वनि प्रदूषण पर एक्शन मोड में प्रशासन, सिमलिया के बैंक्वेट हॉलों की हुई जांच

Rupa Kumari | March 9, 2026 | 12:18 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : रातू के सिमलिया क्षेत्र में बैंक्वेट हॉलों में रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने और ध्वनि प्रदूषण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सदर एसडीएम कुमार रजत के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कई बैंक्वेट हॉलों की जांच की। निरीक्षण टीम में स्थानीय थाना प्रभारी और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (SPCB) के अधिकारी भी शामिल थे। टीम ने सिमलिया क्षेत्र के विभिन्न बैंक्वेट हॉलों में चल रहे कार्यक्रमों और ध्वनि व्यवस्था की जांच की।

कुछ हॉल में कार्यक्रम, कहीं नहीं मिला शोर

जांच के दौरान दुल्हन बैंक्वेट हॉल में कोई कार्यक्रम संचालित नहीं पाया गया। वहीं विवाह बैंक्वेट हॉल में एक कार्यक्रम चल रहा था, लेकिन वहां तेज आवाज में डीजे या ध्वनि प्रदूषण की शिकायत नहीं मिली। इसके अलावा फोकस बैंक्वेट हॉल में निरीक्षण के समय कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं था।

यह भी पढ़ें: रांची की ‘यूनिवर्सल दीदी’ राधा दुर्लभ बॉम्बे ब्लड ग्रुप के मरीजों के लिए बनीं जीवनदाता

संचालकों को दिए गए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान बैंक्वेट हॉल के मालिकों और प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे ध्वनि प्रदूषण से जुड़े सभी नियमों का पालन करें। प्रशासन ने कहा कि रात 10 बजे के बाद डीजे या तेज आवाज में संगीत बजाने की अनुमति नहीं है और इसका सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। साथ ही उच्च न्यायालय के निर्देशों और ध्वनि प्रदूषण से जुड़े कानूनी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि किसी भी बैंक्वेट हॉल में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों से भी की अपील

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि शादी-समारोह या अन्य आयोजनों के दौरान ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करें, ताकि आसपास के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जनजीवन प्रभावित न हो।

Share this news

संबंधित खबरें