Samachar Post रिपोर्टर, रांची : आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जिला पर्यवेक्षकों के लिए प्रस्तावित नामों को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने अपने हस्ताक्षर से सूची जारी की है। खास बात यह है कि इस सूची में झारखंड के कई कांग्रेस नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
झारखंड के 21 नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने जानकारी देते हुए बताया कि जारी 33 जिला पर्यवेक्षकों की सूची में अकेले झारखंड के 21 नेताओं के नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को पूरी रणनीति और गंभीरता के साथ लड़ने की तैयारी कर रही है। इसी वजह से झारखंड के अनुभवी नेताओं को भी चुनाव प्रबंधन में अहम जिम्मेदारी दी गई है।
यह भी पढ़ें: सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
कई वरिष्ठ नेताओं को मिली अहम भूमिका
जारी सूची में झारखंड के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को जिला पर्यवेक्षक बनाया गया है। इनमें धीरज प्रसाद साहू, प्रदीप बलमुचू, कालीचरण मुंडा, प्रदीप यादव और राजेश कच्छप जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं। इसके अलावा बन्ना गुप्ता, शहजादा अनवर, फुरकान अंसारी, सुबोधकांत सहाय, राजेश ठाकुर और रविंद्र सिंह सहित कई अन्य नेताओं को भी यह जिम्मेदारी दी गई है।
केंद्रीय नेतृत्व का झारखंड के नेताओं पर भरोसा
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व काफी गंभीर है। इसी कारण झारखंड के नेताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारी देकर चुनाव प्रबंधन और पार्टी को मजबूत करने का काम सौंपा गया है। पार्टी को उम्मीद है कि इन नेताओं के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से पश्चिम बंगाल चुनाव में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।