JPSC APP परीक्षा का रिजल्ट मार्च में आने की संभावना, 160 पदों पर होगी नियुक्ति

Rupa Kumari | March 7, 2026 | 02:10 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड अभियोजन सेवा के अंतर्गत सहायक लोक अभियोजक (APP) की प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम इसी माह जारी होने की संभावना है। झारखंड लोक सेवा आयोग  (JPSC) परिणाम प्रकाशित करने की तैयारी में जुटा हुआ है। सीधी भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 20 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जबकि बैकलॉग पदों के लिए परीक्षा 13 दिसंबर 2025 को ली गई थी।

मॉडल उत्तर जारी, आपत्तियों के बाद संशोधन

आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों सामान्य अध्ययन और विधि विषयक के संशोधित मॉडल उत्तर जारी कर दिए हैं। इससे पहले आयोग ने प्रारंभिक मॉडल उत्तर प्रकाशित कर अभ्यर्थियों से 1 जनवरी 2026 तक आपत्तियां और सुझाव मांगे थे। प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा विषय विशेषज्ञों द्वारा की गई, जिसके बाद मॉडल उत्तर में आवश्यक संशोधन कर अंतिम रूप दिया गया है।

यह भी पढ़ें: डिप्टी सीएम केशव मौर्य के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, 2000 फीट पर धुएं से भरा चौपर

जल्द जारी होगा परिणाम

संशोधित मॉडल उत्तर के आधार पर आयोग अब प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम तैयार कर रहा है। परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। मुख्य परीक्षा की तिथि की घोषणा बाद में आयोग द्वारा अलग से की जाएगी।

160 पदों पर होगी नियुक्ति

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 160 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 134 पद सीधी भर्ती के लिए और 26 पद बैकलॉग भर्ती के लिए निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि परिणाम जल्द जारी होने से उन्हें मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। वहीं आयोग ने भी भरोसा दिलाया है कि परिणाम जारी होते ही मुख्य परीक्षा से जुड़ी जानकारी तुरंत साझा की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें