Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद : धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल अस्पताल में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने भी मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने की बात कही है।
धमकी देकर अस्पताल बुलाया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी दीपक मुंडा उर्फ अजय ने बुधवार सुबह करीब 7 बजे उसे फोन कर धमकी दी थी कि अगर वह इस बार मिलने नहीं आई तो उसके लिए ठीक नहीं होगा। इसके बाद आरोपी ने उसे सेंट्रल अस्पताल के ओपीडी के पास मिलने के लिए बुलाया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी आरोपी कई बार मिलने का दबाव बना चुका था, लेकिन पीड़िता ने मना कर दिया था। धमकी से डरकर वह ओपीडी के पास पहुंच गई।
यह भी पढ़ें: कुजू में कोयला कारोबारी के घर फायरिंग, राहुल दुबे के नाम से मिला रंगदारी पर्चा
बेहोश कर दिया घटना को अंजाम
पीड़िता के अनुसार, अस्पताल पहुंचने के बाद आरोपी ने उसे कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया। जब उसे होश आया तो वह अस्पताल के बाथरूम में थी। उसके कपड़े फटे हुए थे और शरीर पर दांत के काटने के निशान थे। यह देखकर वह घबरा गई और दरवाजा खटखटाने लगी। कुछ देर बाद एक महिला ने दरवाजा खोला। उसी महिला के मोबाइल फोन से पीड़िता ने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
पीड़िता के बयान के आधार पर सरायढेला थाना में गुरुवार को आरोपी दीपक मुंडा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच कर रही है।
BCCL प्रबंधन ने बनाई जांच कमेटी
घटना सामने आने के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने भी संज्ञान लिया है। प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच के लिए जल्द ही एक कमेटी गठित की जाएगी और पूरी घटना की जांच कराई जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।