Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह में होली के बाद जश्न का माहौल अचानक हिंसा में बदल गया। जिले के हुट्टी बाजार स्थित रविदास टोला में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू और उस्तरे से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।
बच्चों के विवाद से शुरू हुआ मामला
जानकारी के मुताबिक होली के बाद इलाके में डीजे बजाकर नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान कुछ बच्चों के बीच मामूली विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ता देख मोहल्ले के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे। बताया जा रहा है कि 30 वर्षीय अजय कुमार दास समेत कुछ लोग डीजे बंद कराकर माहौल शांत कराने की कोशिश कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, SSP पीयूष पांडेय ने 17 थाना प्रभारियों का किया तबादला
चाकू और उस्तरे से किया हमला
इसी दौरान हुट्टी बाजार के ही रहने वाले रवि दास, रॉबिन दास, रोनित दास और रोहित दास मौके पर पहुंचे और अचानक अजय दास व अन्य लोगों पर चाकू और उस्तरे से हमला कर दिया। हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अजय कुमार दास को सबसे ज्यादा चोटें आईं।
अस्पताल में अजय दास की मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने अजय कुमार दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायल राजेश दास, परदुमन दास और प्रेम दास का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
आरोपी फरार, इलाके में तनाव
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं डीएसपी नीरज कुमार सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।