Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा में गुरुवार सुबह एक 38 वर्षीय दिव्यांग युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके घर के कमरे में जमीन पर पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में मातम का माहौल है।
कमरे से देर तक नहीं आई कोई आवाज
मृतक की पहचान सूरज प्रसाद के रूप में हुई है। वह अपनी दूसरी पत्नी सोनी के साथ कुम्हारपाड़ा इलाके में रहता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह काफी देर तक उसके कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, जिससे परिजनों को शक हुआ। जब घर के लोग कमरे के अंदर पहुंचे तो सूरज जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें: होली के दिन पलामू में खूनी वारदात, 70 वर्षीय बुजुर्ग की टांगी से हत्या
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से एक कीटनाशक की बोतल भी बरामद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
मोबाइल फोन में मिला वीडियो
जांच के दौरान पुलिस को सूरज प्रसाद के मोबाइल फोन में एक वीडियो भी मिला है। बताया जा रहा है कि उस वीडियो में उसने अपनी परेशानियों का जिक्र किया है। फिलहाल पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और पूरे मामले के हर पहलू को खंगाल रही है।
ट्रेन हादसे के बाद से था परेशान
परिजनों के अनुसार करीब छह महीने पहले सूरज प्रसाद एक ट्रेन हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस हादसे में उसके दोनों पैर और एक हाथ कट गए थे। इसके बाद से वह शारीरिक और मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था और अक्सर तनाव में रहता था।
दो शादियां कर चुका था युवक
परिवार के लोगों ने बताया कि सूरज प्रसाद ने दो शादियां की थीं। उसकी पहली पत्नी पिंकी सोनारी इलाके में रहती है, जबकि वह दूसरी पत्नी सोनी के साथ कुम्हारपाड़ा में रह रहा था। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।