Samachar Post रिपोर्टर, रांची: मध्य-पूर्व में बढ़े तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में झारखंड के करीब 80 कारोबारी फंस गए हैं। सभी एक सीमेंट कंपनी के टूर प्लान के तहत दुबई घूमने गए थे, लेकिन अचानक हालात बिगड़ने के बाद उनकी वापसी रुक गई।
दुबई- अबू धाबी एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद
जानकारी के अनुसार, लोहरदगा के ब्लॉक मोड़ निवासी सीमेंट व्यवसायी उपेंद्र प्रसाद के बेटे अमित कुमार भी इस टीम में शामिल हैं। वे 25 फरवरी को दुबई पहुंचे थे और 28 फरवरी को अबू धाबी से कोलकाता लौटने के लिए एयर अरेबिया की फ्लाइट बुक थी। इसी बीच क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों के कारण सुरक्षा स्थिति बिगड़ गई। एहतियातन यूएई प्रशासन ने कुछ समय के लिए एयरस्पेस बंद कर दिया, जिससे दुबई और अबू धाबी के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से उड़ानें प्रभावित हुईं।
यह भी पढ़ें: कोडरमा में बच्चा चोर के शक में युवक की पिटाई, पुलिस ने बचाया
होटल में रुकी पूरी टीम
फ्लाइट रद्द होने के बाद अमित कुमार समेत सभी व्यापारी दुबई के एक होटल में ठहरे हुए हैं। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट या रिफंड का विकल्प दिया जा रहा है, लेकिन जब तक हालात सामान्य नहीं होते, वापसी संभव नहीं है। बताया जा रहा है कि इस स्थिति के कारण सैकड़ों भारतीय यात्री यूएई में फंसे हुए हैं।
परिवारों की बढ़ी चिंता
अमित कुमार के पिता उपेंद्र प्रसाद ने बताया कि मौजूदा हालात को लेकर चिंता जरूर है, लेकिन रविवार शाम उनकी बेटे से बात हुई थी और वह सुरक्षित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जैसे ही स्थिति सामान्य होगी और हवाई सेवा बहाल होगी, सभी कारोबारी सुरक्षित भारत लौट आएंगे। फिलहाल सभी की नजरें यूएई में हालात सामान्य होने और उड़ान सेवाएं बहाल होने पर टिकी हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।