Samachar Post रिपोर्टर, रांची :हाल के दिनों में पुलिसकर्मियों पर बढ़ते हमलों और कथित अपमानजनक टिप्पणियों से झारखंड पुलिस परिवार में नाराज़गी गहराती जा रही है। पुलिस मैनस एसोसिएशन ने मीडिया से अपील की है कि वे पुलिसकर्मियों की आवाज़ को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
यह भी पढ़ें :रांची में डिप्टी मेयर की दौड़ तेज, BJP नए चेहरे पर लगा सकती है दांव
रांची और बोकारो की घटनाओं से बढ़ी नाराज़गी
एसोसिएशन का कहना है कि हाल में रांची और बोकारो में हुई घटनाओं ने पुलिस परिवार को आहत किया है। विशेषकर बोकारो में एक आपराधिक मामले को लेकर की गई टिप्पणियों और कथित तौर पर कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रयोग किए गए शब्दों को लेकर पुलिसकर्मियों में रोष है। एसोसिएशन के मुताबिक, पुलिस बल के लिए इस्तेमाल की गई कुछ उपमाओं को बाद में “सकारात्मक” बताने की कोशिश की गई, लेकिन इससे पुलिसकर्मियों की गरिमा प्रभावित हुई है। संगठन का कहना है कि पुलिस बल दिन-रात जनता की सुरक्षा में जुटा रहता है और ऐसे बयान मनोबल को कमजोर करते हैं।
अब पीछे नहीं हटेंगे- एसोसिएशन
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड पुलिस परिवार अब अपनी प्रतिष्ठा और सम्मान के लिए आवाज़ उठाने को तैयार है। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि वे निष्पक्ष रूप से पुलिसकर्मियों की समस्याओं और भावनाओं को सामने लाएं। मामले को लेकर एसोसिएशन की ओर से केंद्रीय कार्यालय में दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। सभी मीडिया प्रतिनिधियों से इसमें शामिल होकर पुलिसकर्मियों का पक्ष जनता तक पहुंचाने की अपील की गई है।
Reporter | Samachar Post