रांची सदर अस्पताल में आज शोक सभा, एयर एंबुलेंस हादसे में दिवंगत डॉ. विकास को दी जाएगी श्रद्धांजलि

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची सदर अस्पताल के एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. विकास कुमार गुप्ता का एयर एंबुलेंस दुर्घटना में असमय निधन चिकित्सा जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। बुधवार को सदर अस्पताल परिसर में उनके सम्मान में शोक सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और झासा के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

मरीज की सेवा में थे तैनात

डॉ. विकास उन चुनिंदा चिकित्सकों में शामिल थे, जिन्हें गंभीर मरीजों के साथ एयर एंबुलेंस में भेजा जाता था। कोरोना काल में उन्होंने नामकुम स्वास्थ्य केंद्र से सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्ति के दौरान सी-कैप मशीन के जरिए कई मरीजों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। हादसे के दिन वे रांची से दिल्ली एक गंभीर मरीज को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से ले जा रहे थे। विमान ने शाम 7:15 बजे उड़ान भरी और करीब 7:35 बजे चतरा जिले के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक रिपोर्ट में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह फायरिंग केस: टेक-ऑफ से पहले दुर्गापुर एयरपोर्ट से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

शोक सभा का उद्देश्य

यह शोक सभा केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि उनके सेवा-भाव और समर्पण को नमन करने का अवसर है। उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने कहा कि डॉ. विकास का मृदुभाषी और संवेदनशील व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणास्रोत था।

पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा

डॉ. विकास का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव औरंगाबाद ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। वे रांची के डिप्टीपाड़ा में अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बच्चे के साथ रहते थे। उनके निधन से परिवार और चिकित्सा समुदाय गहरे शोक में है।

चिकित्सा जगत की प्रतिक्रिया

झासा के प्रदेश सचिव डॉ. मृत्युंजय ने कहा कि डॉ. विकास हमेशा मरीजों के हित को सर्वोपरि रखते थे। आईएमए के डॉ. अभिषेक के. रामाधीन ने भी इस हादसे को हृदयविदारक बताते हुए कहा कि उनकी सेवा भावना सभी के लिए प्रेरणा रहेगी।

संबंधित खबरें