गिरिडीह में 22 साल की पूनम की संदिग्ध मौत से सनसनी

Rupa Kumari | February 23, 2026 | 12:22 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह :जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के कीर्तनियाडीह गांव में 22 साल की पूनम कुमारी की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। गांव के चौक-चौराहों पर इस घटना की ही चर्चा है और लोग स्तब्ध हैं।

फोन पर मिली मौत की खबर, ससुराल पक्ष फरार

मृतका के भाई जितेंद्र ने बताया कि उन्हें अचानक फोन पर सूचना दी गई कि पूनम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जब परिजन ससुराल पहुंचे तो पूनम का शव खटिया पर रखा मिला, जबकि घर में कोई मौजूद नहीं था। ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: D.A.V. Anand Swami Public School में कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहा मतदान

एक साल का बेटा हुआ मां से जुदा

पूनम अपने पीछे एक साल के मासूम बेटे को छोड़ गई है। अभी वह ठीक से बोल भी नहीं पाता, लेकिन मां का साया उससे छिन गया। गांव की महिलाएं बच्चे को देखकर भावुक हो उठ रही हैं।

मायके पक्ष का आरोप-हत्या कर दिया आत्महत्या का रूप

मायके पक्ष ने इस मामले को आत्महत्या मानने से इनकार किया है। भाई जितेंद्र का आरोप है कि शादी के दो साल बाद से ही पूनम को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके साथ मारपीट की घटनाएं भी हुई थीं और इसको लेकर गांव में पंचायत भी बैठी थी। परिजनों का दावा है कि गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

गांव में मातम और आक्रोश

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहले ही सख्त कदम उठाए गए होते तो शायद यह घटना टल सकती थी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल फरार ससुराल पक्ष की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मायके पक्ष ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें