Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खरकई रेलवे ब्रिज के पास छापेमारी कर कुख्यात मनीष सिंह गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुगसलाई गौशाला नाला रोड निवासी रौशन सिंह और दीपक सिंह के रूप में हुई है। उनके पास से एक देशी कट्टा, चार जिंदा गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर छापेमारी
थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खरकई रेलवे ब्रिज के पास 6–7 लोग एकत्रित हैं। ये सभी कथित तौर पर मनीष सिंह गिरोह से जुड़े बताए गए, जो स्थानीय व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने का काम करते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
यह भी पढ़ें: पूर्व परिषद अध्यक्ष हत्याकांड : विधायक जयराम महतो ने विधानसभा में उठाई उच्चस्तरीय जांच की मांग
हथियार और कारतूस बरामद
कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके कब्जे से एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरोह पर नजर, अभियान जारी
पुलिस का कहना है कि गिरोह की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इलाके में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की अपील
थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध गतिविधि या अपराधी गिरोह की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आम जनता के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।