Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ :नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। कुरुक्षेत्र मैदान उस वक्त राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गया, जब कुल 10 प्रत्याशी समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। ढोल-नगाड़ों, नारों और फूल-मालाओं के बीच उम्मीदवारों का जोरदार स्वागत किया गया। सीमा सोनी भगत, नीता पांडे, मुकुल भट्टाचार्य, सुनीता देवी और शबरी पाल सहित अन्य प्रत्याशी चुनावी रथ पर सवार होकर मैदान पहुंचे और समर्थकों ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।
विकास के मुद्दों पर जोर
मैदान में प्रत्याशियों ने जनता से संवाद करते हुए शहर के विकास का वादा किया। साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई। कुछ उम्मीदवारों ने युवाओं के रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा को भी अपने एजेंडे में शामिल करने का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें :अरुणा शंकर को आचार संहिता उल्लंघन पर नोटिस, मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में प्रशासन सख्त
दिनभर रही चुनावी गहमागहमी
कुरुक्षेत्र मैदान दिनभर राजनीतिक गतिविधियों से गुलजार रहा। झंडे-बैनर, समर्थकों की भीड़ और वाहनों के काफिलों ने पूरे इलाके को चुनावी रंग में रंग दिया। आम लोग भी बड़ी संख्या में मैदान पहुंचे और प्रत्याशियों के विचार सुने। इस बार नगर परिषद चुनाव को लेकर मुकाबला रोचक माना जा रहा है। अलग-अलग वार्डों और सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए प्रत्याशी अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं, जिससे चुनावी माहौल और गर्माता दिख रहा है।




















