गुमला में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा, 9 वर्षीय छात्रा की मौत

Meenu | February 18, 2026 | 01:22 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :झारखंड के गुमला जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। बसिया थाना क्षेत्र के महाराजगंज के पास स्कूली बच्चों को लेकर जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

यह भी पढ़ें :पार्षद प्रत्याशी के कार्यालय पर पुलिस का लाठीचार्ज, तीन समर्थक घायल

ऑटो पलटने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, गंगड़ा गांव निवासी अजय गोप की 9 वर्षीय बेटी आकांक्षा कुमारी अन्य बच्चों के साथ ऑटो से महाराजगंज स्थित मदर अमृता पब्लिक स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में आकांक्षा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय अलमा केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चियों को तत्काल रेफरल अस्पताल बसिया पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने आकांक्षा को मृत घोषित कर दिया। वहीं अलमा की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि आकांक्षा कक्षा तीन की छात्रा थी।

पुलिस जांच में जुटी, इलाके में शोक

घटना की सूचना मिलते ही बसिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this news

संबंधित खबरें