Samachar Post डेस्क, रांची: हेमंत सोरेन नेमरा गांव में पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मांझी बाबा ग्राम प्रधान का दायित्व सौंपा गया। सोमवार को मुख्यमंत्री के नेमरा पहुंचने पर संताली परंपरा के अनुसार उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने करीब चार घंटे तक संताली समाज के बीच समय बिताया और पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाई।
ग्राम प्रधान कमेटी चयन सभा में हुई घोषणा
नेमरा गांव के सामुदायिक भवन में आयोजित ग्राम प्रधान कमेटी चयन सभा में पूरे गांव की संताली सामाजिक बैठक हुई। मांझी हड़ाम कमेटी के तहत विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि मांझी बाबा ग्राम प्रधान का दायित्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन निभाएंगे।
यह भी पढ़ें: बजट सत्र के बीच राजद का प्रदर्शन, सरकार पर विकास और शराबबंदी को लेकर निशाना
मांझी हड़ाम कमेटी में इन लोगों को मिले दायित्व
बैठक में पारंपरिक व्यवस्था के तहत अलग-अलग भूमिकाएं तय की गईं, प्राणिक बाबा (उप ग्राम प्रधान) बिरजू सोरेन, भोगदो प्रजा (कानूनी सलाहकार) सुखदेव किस्कू, नायके बाबा (ग्राम प्रमुख पुजारी) चैतन्य टुडू, कुडाम नायके बाबा (नायके सहायक) काशीनाथ बेसरा, जोगा मांझी बाबा (संदेश वाहक) विश्वनाथ बेसरा इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मांझी बाबा के दायित्व का निर्वहन करते हुए नये नायके बाबा को पारंपरिक तरीके से सम्मानित किया। निवर्तमान नायके बाबा सोहन सोरेन ने स्वास्थ्य कारणों से त्यागपत्र दिया था, जिन्हें भी सम्मान प्रदान किया गया।
चाचा से की मुलाकात, बेहतर इलाज के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने चाचा श्रीकांत सोरेन से भी मुलाकात की, जो पिछले पांच वर्षों से लकवा से पीड़ित हैं। हालचाल लेने के बाद मुख्यमंत्री ने सिविल सर्जन नवल कुमार को इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने, समुचित चिकित्सा सुविधा और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह आयोजन नेमरा गांव की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था और संताली संस्कृति में लोकतांत्रिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।