Samachar Post डेस्क, रांची :पूर्व प्रधानमंत्री और प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह की पहली पुण्यतिथि आज 26 दिसंबर 2025 को देशभर में श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। इस मौके पर कांग्रेस सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नई दिल्ली स्थित 24, अकबर रोड पर डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को नमन किया। डॉ. मनमोहन सिंह का निधन 26 दिसंबर 2024 को दिल्ली में 92 वर्ष की आयु में हुआ था। 28 दिसंबर 2024 को उनका अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया गया था। देश की सेवा में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें अंतिम विदाई पूरे राष्ट्रीय आदर के साथ दी गई थी।
यह भी पढ़ें :नेताजी के अवशेष भारत लाने की मांग तेज, परिवार ने राष्ट्रपति मुर्मू को लिखा भावुक पत्र
कांग्रेस ने एक्स पर किया भावुक पोस्ट
कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि उनका नेतृत्व ईमानदारी, विनम्रता और दूरदर्शिता का प्रतीक था, जिसने भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूती प्रदान की। पार्टी ने अपने पोस्ट में कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व ने देश को आर्थिक प्रगति और लोकतांत्रिक स्थिरता की नई दिशा दी, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
कई राज्यों के वरिष्ठ नेताओं ने भी किया नमन
डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, NCP (शरदचंद्र पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित कई अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
RBI गवर्नर, वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अमिट योगदान
डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को हुआ था। वे एक प्रख्यात अर्थशास्त्री थे, जिन्होंने 1982 से 1985 तक भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर के रूप में देश की वित्तीय नीतियों को दिशा दी। इसके बाद वे 1991 से 1996 तक भारत के वित्त मंत्री रहे, जहां उन्होंने आर्थिक सुधारों की ऐतिहासिक नींव रखी। वे 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री भी रहे, जिसके दौरान देश ने आर्थिक और सामाजिक विकास की नई ऊंचाइयां छुईं।
Reporter | Samachar Post