Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. पवन कुमार पांडेय ने साफ शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करना ही राजनीति का मूल आधार है। उनका कहना था कि अगर आम लोगों का काम बाधित हो रहा है, तो राजनीतिक नेतृत्व का दायित्व है कि वह बिना देरी किए जनहित में आंदोलन की राह अपनाए। डॉ. पांडेय शुक्रवार को मानगो–डिमना क्षेत्र में आयोजित NCP जिला इकाई के पदाधिकारियों की अहम बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि आंदोलन जनता की आवाज को सिस्टम तक पहुंचाने का सबसे सशक्त और प्रभावी माध्यम है। इससे प्रशासन और विभागीय अधिकारियों तक यह संदेश स्पष्ट रूप से जाता है कि जनहित की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह कांग्रेस की अहम बैठक, पेसा कानून पर आभार और स्थापना दिवस की तैयारियों का खाका तैयार
पदाधिकारियों को दिया संगठन मजबूत करने का मंत्र
अपने संबोधन में उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं की पहचान करें, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएं और जनता के हित में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी में जो भी जिम्मेदारी लेता है, उसे जनता की आवाज बनकर काम करना चाहिए, क्योंकि सच्चा जननेता वही है जो जनता के साथ खड़ा दिखे।
गोलमुरी मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति की घोषणा
बैठक के दौरान संगठन विस्तार पर भी रणनीतिक चर्चा हुई। इस मौके पर गोलमुरी मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति की घोषणा की गई। डॉ. पांडेय ने बताया कि नव-नियुक्त अध्यक्ष पहले से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और अब NCP के मंच से जनमुद्दों को और मजबूती से उठाएंगे।
बैठक में दिखी कार्यकर्ताओं की मजबूत भागीदारी
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन मानगो नगर निगम क्षेत्र प्रभारी तन्मय सरकार ने किया, जबकि मंच संचालन सौरव ओझा ने संभाला। बैठक में अनवर हुसैन, जितेंद्र मिश्रा, तेजपाल सिंह टोनी, मनोज मलहान, विनोद सिंह, कन्हैया अग्रवाल सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
Reporter | Samachar Post