Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बेलगड़िया टाउनशिप का निरीक्षण किया, जो दुनिया के सबसे बड़े विस्थापन क्षेत्रों में शामिल बेलगड़िया इलाके में स्थित है। मंत्री ने झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
विस्थापित परिवारों से की सीधी बातचीत
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बैलगड़िया टाउनशिप में सोलर स्ट्रीट लाइट का उद्घाटन किया और फेज 6, 7 और 8 के शेष विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।
यह भी पढ़ें: BS6 से डिजिटल डायग्नोस्टिक तक, महिंद्रा के “उस्तादों” ने महासंग्राम में मारी बाजी
प्रशासनिक भवन और सुविधाओं का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान JRDA के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया गया और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए ई-रिक्शा का वितरण भी किया गया।
झरिया में सौ साल पुरानी समस्या का समाधान प्राथमिकता
जी. किशन रेड्डी ने कहा कि झरिया क्षेत्र में पिछले सौ वर्षों से भूमिगत कोयला आग की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों की जान को खतरा रहता है। इसी कारण केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विस्थापित परिवारों के लिए सुरक्षित और आधुनिक टाउनशिप विकसित कर रही हैं।
अब तक बने 30 हजार से अधिक घर
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अब तक दो टाउनशिप विकसित की जा चुकी हैं, जहां करीब 30 हजार घर बनाए गए हैं। आगे भी आवश्यकता के अनुसार और आवासों का निर्माण किया जाएगा। टाउनशिप में स्कूल, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
पहले दिन IIT ISM का भी किया दौरा
अपने दौरे के पहले दिन केंद्रीय मंत्री धनबाद स्थित आईआईटी आईएसएम पहुंचे थे, जहां उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑफ क्रिटिकल मिनरल और वर्चुअल माइंस सिम्युलेटर का उद्घाटन किया था।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।