Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर जिले के बड़सोल थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमडीहा गांव में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर देर रात की गई छापेमारी में पुलिस ने एक स्कूटी से करीब 2 किलो गांजा बरामद किया, जबकि तस्कर मौके से फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी के जरिए गांजा की तस्करी कर रहा है। इसके बाद थाना प्रभारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
यह भी पढ़ें :कफ सिरप मामले में रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तुपुदाना के सैली ट्रेडर्स पर छापा
स्कूटी की डिक्की से मिला गांजा
पुलिस ने मौके पर स्कूटी की तलाशी ली, जिसमें डिक्की से गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा और स्कूटी को जब्त कर लिया गया है। पुलिस स्कूटी के नंबर और कागजात के आधार पर फरार तस्कर की पहचान करने में जुटी है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस का कहना है कि तस्कर की पहचान लगभग हो चुकी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान बहरागोड़ा अंचलाधिकारी राजाराम मुंडा मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद थे, जबकि बड़सोल थाना की टीम छापेमारी में शामिल रही।
Reporter | Samachar Post