विविधता में एकता भारत की सबसे बड़ी ताकत: राज्यपाल संतोष गंगवार

Rupa Kumari | June 20, 2026 | 02:57 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा है कि भारत अनेक भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और जीवन-पद्धतियों का अद्भुत संगम है। देश की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है, जो विभिन्न समुदायों को एक सूत्र में बांधती है। शनिवार को रांची स्थित लोक भवन में आयोजित पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पहल विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और भावनात्मक एकता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बनी है।

झारखंड और बंगाल के रिश्ते सिर्फ भौगोलिक नहीं

राज्यपाल ने कहा कि झारखंड और पश्चिम बंगाल का संबंध केवल भौगोलिक निकटता तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और भावनात्मक जुड़ाव भी बेहद गहरा है। उन्होंने झारखंड में रह रहे बंगाली समाज के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, संस्कृति, उद्योग, व्यापार और सामाजिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। राज्यपाल ने पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस के अवसर पर सभी बंगालवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।

राष्ट्र निर्माण में बंगाल की ऐतिहासिक भूमिका

संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि बंगाल की धरती ज्ञान, साहित्य, कला और सांस्कृतिक चेतना की भूमि रही है। सामाजिक पुनर्जागरण से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक पश्चिम बंगाल ने देश के इतिहास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बंगाल ने देश को अनेक महान साहित्यकार, कलाकार और विचारक दिए हैं, जिनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

साहित्य, कला और सिनेमा में अमिट योगदान

राज्यपाल ने भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाने वाले प्रसिद्ध फिल्मकार सत्यजीत रे के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि साहित्य, संगीत, कला और सिनेमा के क्षेत्र में बंगाल की उपलब्धियां देश के सांस्कृतिक गौरव का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।उन्होंने दुर्गा पूजा और काली पूजा जैसे पर्वों को सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक वैभव और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बताया। साथ ही कहा कि बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विशिष्ट खानपान और बांग्ला भाषा की मधुरता उसे देश-दुनिया में अलग पहचान दिलाती है।

यह भी पढ़ें: देवघर सदर अस्पताल पर गंभीर आरोप, घायल युवक को चढ़ाई गई एक्सपायरी स्लाइन; जांच के आदेश

विकास के कई क्षेत्रों में अग्रणी रहा पश्चिम बंगाल

राज्यपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल ने उद्योग, कृषि, शिक्षा, विज्ञान और सूचना प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। देश की आर्थिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक प्रगति में राज्य की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। समारोह में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए दोनों राज्यों के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत जैसी अमूल्य धरोहरें भी बंगाल की ही देन हैं, जो भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को दर्शाती हैं।

Share this news

संबंधित खबरें