Samachar Post रिपोर्टर, सिमडेगा : जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमडेगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 37 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो बाइक, तीन मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की गई है। SDPO धर्मदेव पासवान ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि केलाघाघ डैम के समीप कुछ लोग गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 10 किलो 245 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदित एडिसन मिंज, अमित केरकेट्टा और रिहातुन रजा अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर उदित एडिसन मिंज के घर पर भी छापा मारा गया। वहां से अतिरिक्त 26 किलो 750 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 36 किलो 995 ग्राम गांजा जब्त किया गया।
ओडिशा से संचालित हो रहा था नेटवर्क
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा की आपूर्ति ओडिशा के टांगर गांव निवासी दुलेश्वर आपट द्वारा की जाती थी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने ओडिशा पहुंचकर कार्रवाई की और मुख्य सप्लायर दुलेश्वर आपट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस पूरे अभियान में 36.995 किलोग्राम गांजा, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 4 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: कपाली फायरिंग कांड में बड़ी सफलता: मुख्य आरोपी बल्लू पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार
नशा कारोबारियों पर जारी रहेगा शिकंजा
SDPO धर्मदेव पासवान ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।