Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पश्चिम बंगाल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई। शादी समारोह में खाना बनाने जा रहे 56 वर्षीय व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
शादी समारोह में जा रहे थे सुबोध प्रामाणिक
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर गांव निवासी सुबोध प्रामाणिक (56) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह पेशे से रसोइया थे और एक शादी समारोह में खाना बनाने के लिए अपने गांव से आदारडीह जा रहे थे। इसी दौरान नीमडीह थाना क्षेत्र के झिमरी मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप सुबह करीब छह बजे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुबोध प्रामाणिक को तत्काल नीमडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें: NEET अभ्यर्थियों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, प्रयागराज से गोरखपुर तक चलेगी स्पेशल ट्रेन
वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

