गिरिडीह में स्कूली बच्चों से भरे टेंपो को ट्रक ने मारी टक्कर, कई घायल; एक छात्र धनबाद रेफर

Rupa Kumari | June 20, 2026 | 11:53 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जामताड़ा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में स्कूली बच्चों से भरा टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार कई बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो (संख्या JH10AG-0598) में कई स्कूली बच्चे सवार थे और अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेलाटांड़ गांव के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में बैठे कई बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।

एक छात्र की हालत गंभीर, धनबाद रेफर

हादसे में घोसको गांव निवासी 8 वर्षीय पीयूष कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद रेफर कर दिया। अन्य घायल बच्चों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 68वां जन्मदिन: संघर्ष, सेवा और सफलता की प्रेरणादायक कहानी

पुलिस ने शुरू की जांच

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। अहिल्यापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इस हादसे के बाद स्कूल वाहनों की सुरक्षा और सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल समय के दौरान यातायात व्यवस्था को और सख्त बनाने तथा सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें