Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में भोजन करने के बाद 20 लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। प्रभावित लोगों में मरीज और उनके परिजन शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन सक्रिय हो गया और सभी को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रारंभिक उपचार के बाद सभी प्रभावित लोगों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
खाने के बाद शुरू हुई उल्टी और दस्त की शिकायत
जानकारी के अनुसार प्रभावित लोगों ने बताया कि दोपहर का भोजन करने के कुछ समय बाद उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। इसके बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। प्रारंभिक जांच में 18 अटेंडेंट और 2 मरीजों में फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण पाए गए हैं। हालांकि बीमारी के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना को गंभीरता से लेते हुए RIMS प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। अस्पताल की किचन मॉनिटरिंग कमेटी को भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री के भंडारण, वितरण व्यवस्था और स्वच्छता मानकों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सामुदायिक चिकित्सा (PSM), मेडिसिन और माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों की एक उच्चस्तरीय समिति भी पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में संविदा और आउटसोर्स कर्मियों को बड़ी राहत, प्रतियोगी परीक्षाओं में मिलेगा 15% तक अतिरिक्त वेटेज

लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
RIMS प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी कर्मचारी, संविदाकर्मी या संबंधित एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन के अनुसार सभी प्रभावित लोगों का इलाज जारी है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद घटना के कारणों और जिम्मेदार पक्षों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

