नदी किनारे बालू में दफन मिली युवती की लाश, जांच में जुटी पुलिस

Rupa Kumari | June 23, 2026 | 03:28 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : दशम फॉल थाना क्षेत्र के चुरगी पंचायत अंतर्गत सरजामडीह गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नदी किनारे बालू में दबा एक युवती का शव बरामद हुआ। शव का कुछ हिस्सा बालू से बाहर दिखाई देने पर स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है युवती

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अड़की थाना क्षेत्र की निवासी के रूप में की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अड़की थाना पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार संबंधित थाना की टीम के पहुंचने के बाद शव को बालू से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव

नदी किनारे बालू में दबा शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शव लगभग पूरी तरह बालू में दबा हुआ था और उसका केवल कुछ हिस्सा ही बाहर दिखाई दे रहा था, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में व्यक्ति की निर्मम हत्या, डोंबी पहाड़ी के पास मिला शव

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत कैसे हुई और शव को बालू में दबाने के पीछे क्या कारण था। घटना के बाद सरजामडीह और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।

Share this news

संबंधित खबरें