रांची में सड़क किनारे मिली विवाहिता की लाश, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

Meenu | June 22, 2026 | 10:56 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में 25 वर्षीय विवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतका मूल रूप से लोहरदगा की रहने वाली थी और अपने पति के साथ अरगोड़ा इलाके में रहती थी। पुलिस को उसका शव सड़क किनारे मिला है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें :पलामू रूट पर रेल यात्रियों को झटका: 14 पैसेंजर ट्रेनें रद्द, 16 एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला गया मार्ग

19 जून की रात से थी लापता

पुलिस के अनुसार महिला 19 जून की रात घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद अरगोड़ा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। महिला के पति ने पुलिस को बताया था कि वह रात में घर से निकली थी और उसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।

सड़क किनारे मिला शव, जांच में जुटी एफएसएल टीम

रविवार को तुपुदाना क्षेत्र में सड़क किनारे महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला आखिरी बार किसके साथ देखी गई थी और वह घटनास्थल तक कैसे पहुंची।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। हालांकि मौत के कारणों और अन्य पहलुओं की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें