Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित प्रेम नगर से 13 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसकी मां ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार शिवानी कुमारी 11 जून 2026 की सुबह करीब 7 बजे से घर से लापता है। घटना के समय उसकी मां जितनी देवी पटना गई हुई थीं। बाद में छोटी बेटी ने फोन कर उन्हें बताया कि शिवानी घर पर नहीं है। सूचना मिलने के बाद 18 जून को मां रांची लौटीं और आसपास के लोगों से पूछताछ की। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।
यह भी पढ़ें :राउरकेला गया था परिवार, चोरों ने घर का ताला तोड़ा; लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार
पुलिस से लगाई बेटी की तलाश की गुहार
लगातार खोजबीन के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर जितनी देवी ने कांके थाना में आवेदन देकर बेटी की तलाश की मांग की। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये है किशोरी की पहचान
परिजनों के अनुसार लापता किशोरी का नाम शिवानी कुमारी है। उसका रंग सांवला है और घर से निकलते समय उसने नीले और गुलाबी रंग का फ्रॉक पहन रखा था। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ किशोरी की तलाश कर रही है। परिजनों ने भी आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को शिवानी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Reporter | Samachar Post

