राज्यसभा सांसद के रूप में परिमल नथवानी ने ली शपथ, झारखंड के विकास के प्रति दोहराई प्रतिबद्धता

Rupa Kumari | June 25, 2026 | 02:08 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : झारखंड से राज्यसभा के लिए निर्वाचित सांसद परिमल नाथवाणी ने गुरुवार को उच्च सदन के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। शपथ लेने के बाद उन्होंने इसे अपने सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए झारखंड के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में परिमल नथवानी ने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में चौथी बार तथा झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए तीसरी बार शपथ लेना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

विकास के मुद्दों पर रहेगा फोकस

शपथ ग्रहण के बाद जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि झारखंड के ग्रामीण बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और कौशल विकास को मजबूत बनाने की दिशा में उनके प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन को विकास कार्यों के माध्यम से सार्थक बनाने का प्रयास करेंगे। नथवानी ने एनडीए नेतृत्व और झारखंड के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए वह पूरी निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे।

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर: कॉलेज में हथियार लाने के आरोप में तीन छात्र निष्कासित, वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई

18 जून को जीता था चुनाव

गौरतलब है कि 18 जून को हुए राज्यसभा चुनाव में परिमल नथवानी ने जीत दर्ज की थी। चुनाव में उन्हें 30 मत प्राप्त हुए थे। हालांकि इनमें से दो मत रद्द हो गए थे, लेकिन आवश्यक समर्थन मिलने के कारण उन्होंने राज्यसभा की सीट हासिल कर ली। उनकी जीत के बाद एनडीए समर्थकों और सहयोगी दलों में उत्साह का माहौल देखा गया था।

‘जोहार झारखंड’ के साथ दिया संदेश

अपने सोशल मीडिया पोस्ट के अंत में परिमल नथवानी ने “जोहार झारखंड” लिखते हुए राज्य के प्रति अपना भावनात्मक जुड़ाव भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि झारखंड उनकी कर्मभूमि है और यहां के लोगों की बेहतरी तथा राज्य के विकास के लिए वह आगे भी सक्रिय रूप से कार्य करते रहेंगे। राज्यसभा में उनके नए कार्यकाल को झारखंड से जुड़े विभिन्न विकासात्मक मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के अवसर के रूप में भी देखा जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें