- 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं, अगले तीन दिनों में तापमान भी बढ़ने के आसार
Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 4 जून को राज्य के पूर्वी और उससे सटे मध्य भागों में मौसम अधिक सक्रिय रह सकता है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका है। तेज हवाओं के कारण लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
5 जून को भी बारिश के आसार
5 जून को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम का यही रुख देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और गर्जन वाले बादल बनने की संभावना बनी रहेगी। वहीं 6 और 7 जून को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड: ICU में लगी आग, कई मरीजों की मौत
तापमान में होगी बढ़ोतरी
बारिश की संभावना के बावजूद तापमान में वृद्धि के संकेत मिले हैं। रांची में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। किसानों को भी मौसम का ताजा अपडेट देखकर ही खेतों में काम करने की सलाह दी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।