Samachar Post रिपोर्टर, रांची : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड के कई जिलों में अगले दो दिनों तक तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के कारण राज्य में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के करीब 20 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। विशेष रूप से गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट संभव
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के प्रभाव से अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। विभाग के अनुसार, हाल के आंकड़ों में रांची का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में 37 डिग्री, मेदिनीनगर में 40.2 डिग्री, बोकारो में 39.1 डिग्री और चाईबासा में 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

यह भी पढ़ें: साहिबगंज में जमा पूंजी फंसने का आरोप, ग्रामीणों ने क्रेडिट को-ऑपरेटिव से पैसे नहीं मिलने पर थाने में दी शिकायत
अन्य राज्यों में भी सक्रिय रहेगा मानसून
आईएमडी के मुताबिक झारखंड के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। बिहार में 25 से 29 जून के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर नहीं रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह भी दी गई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

