Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड सरकार ने शिक्षा विभाग से जुड़े हजारों शिक्षक-कर्मियों और शैक्षणिक संसाधन कर्मियों के लिए जीवन बीमा योजना लागू करने का फैसला लिया है। इस योजना के तहत राज्य के 8,525 शिक्षक एवं कर्मियों का 5 लाख रुपये का जीवन बीमा कराया जाएगा। बीमा योजना का संचालन एलआईसी के माध्यम से किया जाएगा। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी जिलों को संबंधित कर्मियों की सहमति लेकर 25 जून तक प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें :झारखंड में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट
वेतन या मानदेय से होगी 500 रुपये की कटौती
योजना के तहत लाभार्थियों के वेतन अथवा मानदेय से हर महीने 500 रुपये की कटौती की जाएगी। बीमा प्रीमियम का भुगतान मासिक, छमाही या वार्षिक आधार पर किया जा सकेगा। सरकार का उद्देश्य शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मियों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।
सेवाकाल में मृत्यु होने पर मिलेगा 5 लाख रुपये का लाभ
यदि किसी शिक्षक या कर्मी की सेवाकाल के दौरान मृत्यु हो जाती है तो उसके आश्रित परिवार को 5 लाख रुपये की बीमा राशि एकमुश्त प्रदान की जाएगी। वहीं सेवानिवृत्ति तक सेवा पूरी करने वाले कर्मियों को जमा अंशदान की राशि ब्याज सहित वापस मिलेगी। विभागीय जानकारी के अनुसार इस राशि पर 7.50 प्रतिशत ब्याज का लाभ भी मिलेगा।

इन शिक्षक-कर्मियों को मिलेगा योजना का लाभ
इस बीमा योजना का लाभ राज्य के 203 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों और 57 झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में कार्यरत 5,075 शिक्षक एवं कर्मियों को मिलेगा। इसके अलावा 2,950 बीआरपी (ब्लॉक रिसोर्स पर्सन) और सीआरपी (क्लस्टर रिसोर्स पर्सन), नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय के 280 शिक्षक-कर्मियों तथा 220 रिसोर्स टीचरों को भी योजना के दायरे में शामिल किया गया है।
जिला स्तर पर पूरी होगी बीमा प्रक्रिया
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिलों से सहमति प्राप्त होने के बाद बीमा पॉलिसी की प्रक्रिया जिला स्तर पर पूरी की जाएगी। योजना लागू होने के बाद हजारों शिक्षक-कर्मियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा।

Reporter | Samachar Post

