Samachar Post रिपोर्टर, पलामू: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए साफ संदेश दिया है कि राज्य में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीबों और कमजोर लोगों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। सोमवार को पाटन प्रखंड के चेतमा पिकेट में सुरक्षा बलों के जवानों के लिए कूलर और आरओ मशीन उपलब्ध कराने पहुंचे वित्त मंत्री ने कानून व्यवस्था, अपराध और अवैध कब्जे जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
भू-माफियाओं को दी खुली चेतावनी
वित्त मंत्री ने कहा कि कुछ लोग दबंगई और प्रभाव का इस्तेमाल कर गरीबों की जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों को अपनी आदतें बदल लेनी चाहिए, क्योंकि सरकार इस मामले में किसी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी अपराधी या भू-माफिया को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। राधाकृष्ण किशोर ने दो टूक कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। यदि कोई व्यक्ति अपराध या दबाव के जरिए लोगों की जमीन कब्जाने की कोशिश करता है तो उसे प्रशासन और पुलिस की कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास नहीं रखने वाले और अपराध के रास्ते पर चलने वाले लोगों की सही जगह जेल है।
यह भी पढ़ें: सीएम हेमंत सोरेन से मिलीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्य के विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
पुलिस-प्रशासन को कार्रवाई की खुली छूट
वित्त मंत्री ने कहा कि पलामू प्रशासन और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है। सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जमीन कब्जाने या उत्पीड़न से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। चेतमा पिकेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने सुरक्षा बलों के जवानों को 10 कूलर और एक वाटर प्यूरीफायर (आरओ) सौंपा। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी करने वाले जवानों की सुविधाओं का ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था विधायक मद से कराई गई है ताकि जवानों को स्वच्छ पेयजल और गर्मी से राहत मिल सके।
जवानों के योगदान को किया नमन
वित्त मंत्री ने कहा कि झारखंड को नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती से बाहर निकालने में पुलिस और सुरक्षा बलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर राज्य में शांति और विकास का माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि जब आम लोग अपने घरों में आराम कर रहे होते हैं, तब सुरक्षा बलों के जवान सड़कों और संवेदनशील इलाकों में मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे होते हैं। इन्हीं की वजह से लोग सुरक्षित महसूस करते हैं।
सरकार की प्राथमिकता है कानून का राज
राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों को न्याय दिलाने के साथ-साथ अपराध और अवैध कब्जे जैसी गतिविधियों पर भी सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य में शांति, विकास और सामाजिक सौहार्द का वातावरण मजबूत करना है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।