Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित सालगावां रेलवे पुल के नीचे शनिवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर कटकमदाग थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृत महिला की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी जा रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने दी सूचना, पहचान में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे ट्रैक के समीप शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन कोई भी महिला की पहचान नहीं कर सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जांच के दौरान पुलिस को महिला के गले में भगवान शिव की माला मिली है। अधिकारियों का मानना है कि यह सुराग मृतका की पहचान में मददगार साबित हो सकता है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और विभिन्न पुलिस नेटवर्क के माध्यम से महिला के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें: रांची नगर निगम के 450 पेंशनधारियों की बढ़ी चिंता, दो माह से नहीं मिली पेंशन
अज्ञात महिला की पहचान बनी चुनौती, जांच जारी
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि शव की पहचान कराने की कोशिश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या का या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस अज्ञात महिला की पहचान और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।