- परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम के निर्देश, ग्रामीण क्षेत्रों में आसान होगी लाइसेंस प्रक्रिया और आपातकालीन सहायता व्यवस्था
Samachar Post रिपोर्टर, रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा आसानी से उपलब्ध कराने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया है। परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से ऐसी व्यवस्था विकसित करने को कहा, जिससे लोगों को लाइसेंस बनवाने के लिए दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पंचायतों तक पहुंचेगी लाइसेंस सेवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण आबादी को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही मिलना चाहिए। इसके लिए पंचायत स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित कर प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाया जाए, ताकि लोगों का समय और खर्च दोनों बच सके। बैठक में मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जिलावार रूट मैपिंग और रूट चार्ट तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीण इलाकों में सड़क नेटवर्क को मजबूत कर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
योजनाओं के व्यापक प्रचार का निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुड सेमेरिटन योजना और हिट एंड रन मुआवजा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचनी चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें।
यह भी पढ़ें: BIT मेसरा की महिला वैज्ञानिकों ने रचा इतिहास, ISRO को सौंपी AI आधारित चंद्रमा विश्लेषण प्रणाली
जल्द शुरू होगी ‘गुरुजी आपातकालीन सेवा-1944’
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘गुरुजी आपातकालीन सेवा-1944’ शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने योजना को जल्द से जल्द लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय और निगरानी जरूरी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।