Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में रविवार रात आकाशीय बिजली गिरने से एक ताड़ के पेड़ में आग लग गई। घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कंगालो गांव की है, जहां तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने से कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार कंगालो गांव निवासी खिरोद राय के बगीचे में खड़े एक ताड़ के पेड़ पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज बारिश और गरज-चमक के बीच बिजली सीधे पेड़ पर गिरी, जिसके बाद उसमें आग लग गई। पेड़ में आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक भय और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
महिला को महसूस हुआ बिजली का झटका
घटना के समय खिरोद राय के घर में मौजूद उनकी छोटी बहू को भी बिजली का झटका महसूस हुआ। इससे परिवार के सदस्य घबरा गए और तत्काल उनकी मदद के लिए आगे आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि महिला को कोई गंभीर चोट नहीं आई और समय रहते स्थिति सामान्य हो गई।
यह भी पढ़ें: लोहरदगा में अंधविश्वास पर भारी पड़ी इंसानियत, गांव वालों ने नहीं दिया कंधा तो थाना प्रभारी ने पहुंचाई अर्थी श्मशान

जनहानि टली, लेकिन लोगों में डर का माहौल
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। बावजूद इसके आकाशीय बिजली गिरने की घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बारिश और वज्रपात के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग भी लगातार लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दे रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

