Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : भारतमाला परियोजना के तहत रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे समय से लंबित अंडरपास, फ्लाईओवर और फुटब्रिज की मांग को मंजूरी मिल गई है। इससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
सड़क निर्माण से बढ़ी थीं ग्रामीणों की परेशानियां
भारत माला परियोजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो रहा था। ग्रामीणों को सड़क पार करने और दैनिक आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों की मांग थी कि कुल्ही में अंडरपास, सोंटाई में फ्लाईओवर और बरियातू में फुटब्रिज का निर्माण कराया जाए। कुछ समय पहले कुल्ही चौक में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और परियोजना अधिकारियों की बैठक हुई थी। बैठक में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के कारण उत्पन्न समस्याओं को विस्तार से रखा और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पहल रंग लाई
ग्रामीणों की मांग को आगे बढ़ाते हुए गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने इस मामले को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया। उन्होंने नई दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों से मुलाकात कर दुलमी क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। सांसद के प्रयासों के बाद कुल्ही में अंडरपास, सोंटाई में फ्लाईओवर और बरियातू में फुटब्रिज निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सड़क पार करना सुरक्षित होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। साथ ही ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री ने विभागीय समीक्षा बैठक स्थगित कर राज्यसभा चुनाव पर किया मंथन, दिल्ली दौरे की भी चर्चा तेज
मंजूरी से ग्रामीणों में खुशी
परियोजनाओं को स्वीकृति मिलने की खबर के बाद दुलमी और आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और लंबे समय से चली आ रही उनकी मांग पूरी होगी। भारत माला परियोजना के तहत मिलने वाली यह सुविधा क्षेत्रीय विकास के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा और कनेक्टिविटी को भी नई मजबूती देगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
