जामताड़ा में युवक पर हथियारबंद बदमाशों का हमला, पिस्तौल तानकर की मारपीट

Meenu | June 24, 2026 | 10:22 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक पर हमला कर दिया। घटना कुरुवा गांव स्थित आजाद चौक के पास की है, जहां चार नकाबपोश अपराधियों ने युवक की कार रोककर उसके साथ मारपीट की और वाहन का शीशा तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार नारायणपुर थाना क्षेत्र के कट डाबर गांव निवासी जहीर अंसारी अपनी चार पहिया गाड़ी से कर्माटांड़ के कुरुवा स्थित ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार अपराधियों ने उनकी गाड़ी के सामने बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। पहचान छिपाने के लिए सभी हमलावर हेलमेट पहने हुए थे।

यह भी पढ़ें :इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद नाबालिग का अपहरण और दुष्कर्म, जामताड़ा कोर्ट ने सुनाई 20 साल की सजा

पिस्तौल दिखाकर की मारपीट, कार का शीशा भी तोड़ा

गाड़ी रुकते ही बदमाशों ने जहीर अंसारी पर पिस्तौल तान दी और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वाहन के पीछे का शीशा भी तोड़ दिया गया। हमले से घबराए युवक ने किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई। युवक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों की भीड़ जुटती देख चारों अपराधी बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही कर्माटांड़ थाना प्रभारी विकास तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ वसीम राजा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

CSP कनेक्शन समेत कई पहलुओं की जांच

पीड़ित की शिकायत पर कर्माटांड़ थाना में कांड संख्या 46/26 दर्ज कर अज्ञात चार अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हमले के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक पीड़ित के ससुर ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालित करते हैं। ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं वारदात का संबंध किसी वित्तीय लेन-देन या अन्य विवाद से तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें