Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हाईवे 419 पर बोदमा पोल फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय कार में सात लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिसकी वजह से सभी यात्रियों की जान बच गई। हादसे में सभी को हल्की चोटें आई हैं, जबकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
मार्गोमुण्डा से कोलकाता जा रहे थे यात्री
जानकारी के अनुसार, बिहार नंबर BR01EQ4731 की सफेद कार कोलकाता जा रही थी। इसी दौरान बोदमा पोल फैक्ट्री के पास तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क पर पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
यह भी पढ़ें: झारखंड के कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत, रिम्स में जल्द लगेगी PET स्कैन मशीन
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी की स्थिति रही, हालांकि बाद में यातायात सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे के तीखे मोड़ों पर विशेष सावधानी बरतने और नियंत्रित गति में वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।