Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद: धनबाद जिले के बरोरा क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बीसीसीएल कर्मी की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान भेलव निवासी सुभाष बाउरी (52) के रूप में हुई है, जो बीसीसीएल बरोरा एरिया की एएमपी कोलियरी में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, सुभाष बाउरी सुबह खोदो नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वह नदी में डूब गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर आसपास के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद घटना का पता चला।
मिर्गी का दौरा पड़ने की आशंका
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुभाष बाउरी मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थे। आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान उन्हें दौरा पड़ा, जिससे वह नदी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं बरोरा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में खटिया बनी एंबुलेंस, गर्भवती महिला को 4 किमी पैदल ले जाने को मजबूर हुए परिजन
आश्रित को नौकरी देने की मांग
बताया जा रहा है कि सुभाष बाउरी मुराइडीह कॉलोनी में जलापूर्ति कार्य से जुड़े थे और वाटर सप्लाई का काम संभालते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनका पैतृक घर बोकारो जिले के पिंडराजोड़ा थाना क्षेत्र में है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर श्रमिक नेता जे.के. झा, देवानंद राजभर, मंगल हेंब्रम और मनोज मोदी समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। नेताओं ने बीसीसीएल प्रबंधन से मृतक के आश्रित को तत्काल नौकरी देने की मांग की है। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।