Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम का मिजाज बदलने लगा है और आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची मौसम केंद्र ने 16 मई तक मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना जताई है।
यह भी पढ़ें :रांची में दर्दनाक रेल हादसा: लोहरदगा ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, पहचान में जुटी पुलिस
16 मई तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार रांची और आसपास के इलाकों में 11 से 16 मई तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई जगहों पर हल्की बारिश, गरज के साथ बौछारें और तेज हवा चलने की संभावना है। लगातार बदलते मौसम की वजह से लोगों को फिलहाल तेज गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। तापमान की बात करें तो आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहाना महसूस हो सकता है।
गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने बारिश के साथ गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात की भी आशंका जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। पिछले दिनों रांची में तेज आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। ऐसे में मौसम खराब होने पर एक बार फिर बिजली व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।
किसानों और आम लोगों पर असर
मौसम में यह बदलाव किसानों के लिए मिला-जुला प्रभाव लेकर आ सकता है। एक ओर गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं तेज हवा और अचानक बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका बनी हुई है। हालांकि आम लोगों, खासकर दिनभर बाहर काम करने वालों के लिए यह मौसम राहतभरा साबित हो सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच बारिश और ठंडी हवाएं लोगों को राहत देंगी।
Reporter | Samachar Post