Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :रामगढ़ सदर अस्पताल का डीसी ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं पर कसी लगाम में मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी रोस्टर की जांच करते हुए डीसी ने निर्देश दिया कि सभी डॉक्टर समय पर ओपीडी और वार्ड में मौजूद रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राउंड के दौरान अनुपस्थिति किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें :राजनगर CHC में मोबाइल की रोशनी में प्रसव: प्रभारी चिकित्सक निलंबित, जांच के आदेश
मरीजों से सीधे लिया फीडबैक
डीसी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने इलाज, सुविधाओं और व्यवहार को लेकर सीधा फीडबैक लिया। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी पात्र मरीजों को बिना किसी परेशानी के मुफ्त इलाज का लाभ मिले।
दवा व्यवस्था और साफ-सफाई पर जोर
निरीक्षण के दौरान दवाओं के स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई। डीसी ने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि वे केवल वही दवाएं लिखें जो अस्पताल में उपलब्ध हैं, ताकि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की जरूरत न पड़े। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और कर्मचारियों को अनुशासित ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए गए। मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
डीसी ने स्पष्ट किया कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ड्यूटी से अनुपस्थिति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिविल सर्जन को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य हर नागरिक तक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, और सदर अस्पताल में समय पर डॉक्टरों की उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
Reporter | Samachar Post